31अगस्त, 2025 को चूरू चेरिटेबल ट्रस्ट, कोलकाता की चूरू बालिका महाविद्यालय व ब्राइट माइंड्स पब्लिक स्कूल के साथ वार्षिक संयुक्त बैठक चूरू में महाविद्यालय परिसर में ट्रस्टी श्रीमान भगवती प्रसाद बियानी सा की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। इस आयोजन की प्रतीक्षा रहती है। इसमें सम्पन्न गतिविविधियों के मूल्यांकन, वर्तमान के निरीक्षण और भविष्य के निर्धारण का अवसर होता है। महाविद्यालय के लिए यह आयोजन किसी उत्सव से कम नहीं। सदैव की भांति इस बार भी माननीय अतिथियों का शुभागमन, संस्था का अपनेपन से निरीक्षण, प्रबन्धन के साथ सार्थक संवाद, विमर्श और संरक्षण भाव से सहयोग और अन्त में सहभोज के साथ समापन! यही इस आयोजन का वैशिष्ट्य है।
उपर्युक्त नियमित कार्यसूची के अतिरिक्त इस बैठक की कुछ उल्लेखनीय बातें-
* माननीय ट्रस्टी श्रीमान बनवारी लाल सोती सा की धर्मपत्नी माननीया श्रीमती सत्यभामा सोती का 8 अगस्त, 25 को कोलकाता में आकस्मिक देहावसान हो गया। बैठक के प्रारम्भ में उन्हें श्रद्धा सुमन अर्पित किए गए।
* ट्रस्टी माननीय बियानी सा द्वारा महाविद्यालय में निर्मित प्याऊ, वाटर कूलर और अन्य कार्यों का बैठक से पूर्व अवलोकन किया गया।
* बैठक से पूर्व महाविद्यालय उद्यान में मुख्य अतिथि के कर कमलों से पौधारोपण किया गया।
* वर्ष 2023 की बी. ए. की परीक्षा में विश्वविद्यालय में प्रथम रहने पर महाविद्यालय की छात्रा सुश्री भावना वर्मा (सुपुत्री डॉ. संगीता-श्री सूरज कुमार वर्मा) को ट्रस्ट द्वारा प्रोत्साहन स्वरूप इक्कावन हजार रूपये की नकद राशि और प्रशस्ति-पत्र से पुरस्कृत किया गया।
* एन एस एस में राज्य स्तर पर श्रेष्ठ स्वयंसेविका के रूप में 2023 में पुरस्कृत छात्रा सुश्री नेहा तंवर और 2024 में पुरस्कृत छात्रा सुश्री भावना अग्रवाल को ट्रस्ट द्वारा नकद राशि से पुरस्कृत किया गया।
* प्रबन्ध समिति में सम्मिलित नई महिला सदस्यों का स्वागत किया गया।
इस निमित्त हमारे बीच पधारे माननीय ट्रस्टी श्रीमान भगवती प्रसाद बियानी सा, विशिष्ट अतिथि गण तथा प्रबन्ध समिति के पदाधिकारी व सदस्य गण का महाविद्यालय परिवार द्वारा आत्मीय अभिनन्दन!
यादगार पलों के कुछ चितराम!





























