राष्ट्रीय सेवा योजना ( NSS ) का नामोल्लेख होते ही मन में सेवा और सहकार का भाव उमड़ने लगता है। वर्षपर्यन्त इसके आयोजनों की झड़ी-सी लगी रहती है। इस बीच समय ही नहीं निकला कि कुछ रुक कर, सम्पन्न हुई गतिविधियों पर फोकस कर, उनकी कुछ झलकियाँ तो आप से भी साझा करें। गतिविधियों की आपाधापी में NSS का एजेण्डा औपचारिकता में उलझ सकता है परन्तु हमारे महाविद्यालय इकाई इन्हें धरातल पर साकार करती है। नियमित एक दिवसीय शिविरों के माध्यम से श्रम-साधना, चयनित बस्ती में जागरण का शंखनाद, विस्तार-व्याख्यानों से ज्ञान, कौशल व व्यक्तित्व का विकास, सप्त दिवसीय शिविरों द्वारा सहकार की अनुभूति, समाज व राष्ट्र के लिए समर्पण की प्रेरणा, मानवता के लिए सेवा का संकल्प- इन्हीं का तो बीजारोपण होता है तरुण भाव-भूमि पर। साथ में रंगारंग सांकृतिक प्रस्तुतियाँ, शानदार शुभारम्भ, प्रेरक समापन, प्रतियोगिताएँ, रैलियाँ और कितने ही और छोटे-बड़े आयोजन! कार्यक्रम प्रभारी श्रीमती कविता पंसारी के कुशल निर्देशन में सतत सक्रिय बने रहने के लिए समस्त स्वयंसेविकायें सराहना की हकदार हैं।


















































