चूरू बालिका महाविद्यालय के वार्षिक सांस्कृतिक समारोह ‘नूपुर’ की छात्राओं को बेसब्री से प्रतीक्षा रहती है। इस आयोजन के दौरान उल्लास और उमंग का प्रस्फुटन होता है। समूचे परिवेश में नूपुर की रुनझुन, तबले की थाप, कोकिल स्वर-लहरियाँ गूँजने लगती हैं। मनभावन प्रस्तुतियों की प्रत्याशा में श्रोता और दर्शक सभागार तक खिंचे चले आते हैं तो कलाकारों के पाँव स्वतः थिरकने लगते हैं। ऐसे ही पल आए 23-24 जनवरी को, जब नूपुर का आयोजन हुआ। इसके अन्तर्गत गायन, नृत्य, अभिनय, काव्य, भाषण आदि की विभिन्न प्रतियोगिताएँ सम्पन्न हुईं।
25 जनवरी, 2025 को आए वो क्षण जब वार्षिकोत्सव एवं पारितोषिक वितरण समारोह में नूपुर की चयनित प्रस्तुतियाँ दी गईं। सबकी इच्छा थी कि इस बार महाविद्यालय परिवार के अभिभावक, प्रबन्ध समिति के अध्यक्ष श्रीमान रामगोपाल सा बहड़ के कर कमलों से छात्राओं को पुरस्कार मिले और उनकी स्नेहाशीष मिले। विशेष आग्रह के कारण आपने मुख्य अतिथि बनना स्वीकार किया। श्रीमान भागीरथ शर्मा, सचिव ने समारोह की अध्यक्षता की। प्रबन्ध समिति के श्रीमान श्याम सुंदर शर्मा, श्रीमान राजेश मंडावेवाला, श्रीमान विमल सिंह राठौड़ आदि का भी सान्निध्य मिला। प्राचार्य श्रीमती आशा कोठारी ने वार्षिक प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। नूपुर संयोजिका डॉ. निर्मला सैनी और अन्य संकाय सदस्यों ने अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर महाराजा गंगा सिंह विश्वविद्यालय, बीकानेर की वार्षिक परीक्षा 2023/2024 में इस महाविद्यालय में अपनी कक्षा में प्रथम/द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाली मेधावी छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। इस क्रम में छात्रा सुश्री भावना वर्मा (सुपुत्री श्री सूरज कुमार व डॉ. संगीता वर्मा) का विशेष सम्मान किया गया। भावना ने 2023 में विश्वविद्यालय की बी. ए. की परीक्षा में स्वर्ण पदक अर्जित कर संस्था का गौरव बढ़ाया है, इस उपलक्ष्य में चूरू जिला प्रशासन द्वारा भी इन्हें सम्मानित किया गया। नूपुर में विभिन्न स्पर्द्धाओं में प्रथम/द्वितीय रहीं छात्राओं को भी पुरस्कृत किया गया। छात्रा सुश्री श्रुति क्याल ने 15 दिसम्बर, 2024 को लोहिया महाविद्यालय, चूरू में सम्पन्न युवा महोत्सव की जिला स्तरीय लोकनृत्य प्रतियोगिता में प्रथम तथा बाद में सीकर में संभाग स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अकादमिक और सांस्कृतिक क्षेत्र की सभी प्रतिभाओं का स्नेहिल अभिनन्दन!
सादर प्रस्तुत है इस मनभावन त्रि दिवसीय यात्रा के कुछ चितराम और समाचारों की बानगी!


























































